दिग्विजय सिंह के काफिले पर हमला, सभी नेता सुरक्षित

शनिवार, 31 अगस्त 2013 (10:29 IST)
FILE
धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं के वाहनों के काफिले पर कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इससे जुडे संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। हालांकि सभी नेता पूरी तरह सुरक्षित है।

कांग्रेस पार्टी के सूत्रों का कहना है कि श्रीसिंह और विपक्ष के नेता अजय सिंह अन्य नेताओं के साथ शुक्रवार को आलिराजपुर जिले के जोबट से इंदौर की ओर जा रहे थे। देर शाम साढ़े सात बजे के बाद कुक्षी में भाजपा कार्यालय के पास उसके कार्यकर्ता हाथों में लाठियां लिए खड़े थे। उन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं का रास्ता रोक लिया और इस वजह से काफिला लगभग 15 मिनट तक वहां रुका रहा।

धार जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह गौतम ने आरोप लगाते हुए कहा कि अनेक कार्यकर्ताओं ने काफिले में शामिल कुछ कारों पर पथराव और हमला किया। इस वजह से कारों के कांच टूट गए। कार्यकर्ताओं ने सिंह के वाहन को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वह इस काम में सफल नहीं हो पाए। बाद में काफिला इंदौर की ओर बढ़ गया।

इस बीच भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश धारीवाल ने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि उनके कार्यकर्ताओं ने सिंह के काफिले पर हमला नहीं किया है। भाजपा इस काम में विश्वास नहीं करती है।

दूसरी ओर भोपाल में विपक्ष के नेता अजय सिंह की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुक्षी में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर भाजपाइयों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों ने जानलेवा हमला किया है और वह उसकी निंदा करते हैं। अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन और हार के अंदेशे से बौखलाई भाजपा गुंडागर्दी पर उतर आई है जिसका जवाब कांग्रेस और जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

सिंह ने कहा कि झाबुआ और आलिराजपुर में दो दिन के दौरे में मिले व्यापक जनसमर्थन से भाजपाई बौखला गए है। कुक्षी में आज उन्होंने गुंडागर्दी करके अपना असली चाल-चरित्र और चेहरा दिखा दिया है।

सिंह ने कहा कि आज जब कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और वह स्वयं कांग्रेस नेताओं के साथ कुक्षी में भाजपा कार्यालय के सामने से गुजर रहे थे तभी भाजपा और संघ के एकट्ठे हुए लोग काफिले पर टूट पड़े।

विपक्ष के नेता सिंह ने कहा कि लोगों के हाथों में लाठियां थी और वे पथराव कर रहे थे। इस वजह से गाडियों के कांच भी टूट गए। सिंह ने कहा कि इन लोगों का उद्देश्य कांग्रेस नेताओं पर हमला करना था। इसमें वह सफल नहीं हो पाए।

अजय सिंह ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी थी, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की और उसके अधिकारी घटना के वक्त मूक दर्शक बने रहे। घटना घटित होने के बाद पुलिस ने खानापूर्ति की कार्रवाई पूरी की।

विपक्ष के नेता सिंह ने कहा कि भाजपा को अहसास हो चला है कि अब सत्ता उनके हाथ से जाने वाली है। यह हमला उसी 'खिसियाई बिल्ली' का घिनौना कृत्य है। उन्होंने कहा कि इस मामले का कांग्रेस और प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि वह 'भाजपाई गुंडों' पर नकेल लगाएं नहीं तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

अगले पन्ने पर इस हमले पर क्या बोले दिग्विजय...


कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी कस्बे में अपने काफिले पर कथित भाजपा कार्यकर्ताओं के पथराव पर कहा कि यह हमला इसलिए किया गया, क्योंकि सूबे का सत्तारुढ़ दल कांग्रेस के सम्मेलनों में हजारों की संख्या में लोगों के जुटने से बौखला गया है।

दिग्विजय ने कल देर रात यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा, ‘झाबुआ क्षेत्र में पिछले दो दिन से हमारे सम्मेलनों में हजारों लोगों की भीड़ जुट रही थी। इससे बौखलाकर मेरे काफिले पर हमला किया गया। हमलावर जय श्रीराम और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘हमले के दौरान हमारी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और गाली-गलौज की गई।

उन्होंने कहा, ‘हमें प्रशासन की ओर से बताया गया था कि कुछ लोग हमें काले झंडे दिखाना चाहते हैं। मुझे अफसोस है कि इस सूचना के बावजूद हमारे काफिले की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया गया। पुलिस को हमारे काफिले पर हमला करने वाले लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। कांग्रेस महासचिव ने आसाराम प्रकरण में आरोप लगाया कि विवादास्पद प्रवचनकर्ता को मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार का संरक्षण हासिल है।

वेबदुनिया पर पढ़ें